Last Updated:July 31, 2026, 18:06 IST
Small Business Success Story: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में रहने वाले आवेश उद्दीन की कहानी प्रेरणादायक है. कभी दूसरों के यहां काम करने वाले आवेश ने अपनी बहन से 20 हजार रुपये उधार लेकर कपड़ों का बिजनेस शुरू किया. आज वह हर साल 4 लाख रुपये तक कमा रहे हैं और दूसरों को रोजगार भी दे रहे हैं.
Burhanpur News: कहते हैं कि जब परिवार का साथ मिले तो हर मुश्किल आसान हो जाती है. यह बात मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के आवेश उद्दीन पर बिल्कुल सटीक बैठती है. आवेश बुरहानपुर के पाला बाजार क्षेत्र में रहते हैं. आज वह एक सफल कपड़े के व्यापारी हैं, लेकिन उनकी सफलता के पीछे उनकी बड़ी बहन का बड़ा हाथ है.
बहन के सहयोग से शुरू हुआ सफर
आवेश उद्दीन ने केवल कक्षा आठवीं तक पढ़ाई की है. पढ़ाई पूरी करने के बाद जब उनका मन पढ़ाई में नहीं लगा तो वह दूसरों के यहां काम करने लगे. वह लंबे समय तक दूसरों की दुकानों पर काम करते रहे. उनकी स्थिति को देखते हुए उनकी बड़ी बहन ने उन्हें प्रेरित किया. बहन ने उन्हें 20,000 रुपये उधार दिए और अपना खुद का काम शुरू करने की सलाह दी.
जयस्तंभ क्षेत्र से की शुरुआत
बहन से मिली 20,000 रुपये की राशि से आवेश ने जयस्तंभ क्षेत्र में कपड़ों की दुकान लगाना शुरू किया. शुरुआती दिनों में उन्हें काफी कठिनाइयां आईं. काम नया था और चुनौतियां भी बहुत थीं, लेकिन आवेश ने हिम्मत नहीं हारी. धीरे-धीरे लोगों को उनके कपड़े पसंद आने लगे और उनका काम चल पड़ा. परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस सफर में आवेश का पूरा सहयोग किया.
सस्ता माल और ब्रांडेड कॉपी पहचान
आवेश अपनी दुकान के लिए माल दिल्ली, मुंबई और आगरा जैसे बड़े शहरों से लेकर आते हैं. इन शहरों से उन्हें माल कम दाम पर मिल जाता है. इसी कारण वह ग्राहकों को भी सस्ता माल बेच पाते हैं. उनकी दुकान पर ब्रांडेड कंपनियों की कॉपी वाले कपड़े मिलते हैं. उनकी दुकान पर शर्ट, पैंट, टी-शर्ट, लोअर, बरमुडा और नाइट पैंट जैसे कई आइटम उपलब्ध हैं. ग्राहकों को ये कपड़े मात्र 100 से 300 रुपये की रेंज में आसानी से मिल जाते हैं. कम दाम और अच्छी वैरायटी के कारण दूर-दूर से लोग उनके यहाँ खरीदारी करने आते हैं.
आज दे रहे दूसरों को रोजगार
पिछले 5 सालों से आवेश लगातार कपड़ों का व्यवसाय कर रहे हैं. आज उनकी मेहनत रंग लाई है. वह अब हर साल 3 से 4 लाख की कमाई कर लेते हैं. खास बात ये कि कभी दूसरों के यहां काम करने वाले आवेश आज खुद एक व्यक्ति को अपनी दुकान पर रोजगार दे रहे हैं. आवेश गर्व से कहते हैं कि उनकी बहन के उस छोटे से सहयोग ने उनकी पूरी जिंदगी बदलकर रख दी है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…
और पढ़ेंNews18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Burhanpur,Madhya Pradesh

