शाजापुर एसपी श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर कालापीपल पुलिस की बड़ी सफलता अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार चोरी की मोटरसाइकिल सहित 04 आरोपी गिरफ्तार थाना कालापीपल पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ₹2 लाख मूल्य की 04 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

घटना का विवरण
दिनांक 03.08.2026 को फरियादी धनपाल पिता शांतिलाल जैन, उम्र 44 वर्ष, निवासी राजीव चौक, कालापीपल मंडी द्वारा थाना कालापीपल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP-42-MQ-8993 को माधव मैरिज गार्डन, कालापीपल मंडी के पास से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कालापीपल में अपराध क्रमांक 403/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शुजालपुर श्री निमेश देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कालापीपल उप निरीक्षक रवि भंडारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस कार्रवाई
वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम एवं संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए थाना कालापीपल के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस चेकिंग देखकर वाहन मोड़कर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी मोटरसाइकिल के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सघन पूछताछ में उन्होंने उक्त मोटरसाइकिल को माधव मैरिज गार्डन, कालापीपल से चोरी करना स्वीकार किया। आगे पूछताछ में आरोपियों ने भोपाल के ईटखेड़ी, भानपुर बायपास रोड एवं आसपास के क्षेत्रों से भी अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से कुल 04 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस ने इस मामले में 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। मामले में अन्य तथ्यों की विवेचना जारी है।

सराहनीय भूमिका
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रवि भंडारी, उप निरीक्षक मुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक विवेक गोस्वामी, प्रधान आरक्षक आनंद, प्रधान आरक्षक शिवराज, आरक्षक वेदप्रकाश परमार, आरक्षक नयन यादव, आरक्षक सतीश गौतम, आरक्षक शैलेंद्र वर्मा, आरक्षक अर्जुन दांगी एवं सैनिक रामसिंह की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
