उज्जैन श्रावण मास की प्रथम सवारी हेतु उज्जैन पुलिस पूरी तरह तैयार : एडीजी श्री राकेश गुप्ता ,डीआईजी श्री नवनीत भसीन एवं पुलिस अधीक्षक उज्जैन ने की सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा।
1500 पुलिस बल, ड्रोन, सीसीटीवी, क्यूआरटी एवं बहुस्तरीय सुरक्षा प्रबंधन के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।श्रावण मास में भगवान श्री महाकालेश्वर की प्रथम शाही सवारी के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत आज पुलिस कंट्रोल रूम, उज्जैन के मीटिंग हॉल में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) श्री राकेश गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) श्री नवनीत भसीन, पुलिस अधीक्षक उज्जैन सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भगवान श्री महाकाल की प्रथम श्रावण सवारी के संपूर्ण सुरक्षा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, आपातकालीन प्रतिक्रिया, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों को उनके दायित्वों एवं जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

????बैठक उपरांत सभी अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर जाकर स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। निर्देशानुसार अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर बैरिकेडिंग व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, यातायात डायवर्जन, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी संसाधनों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां कहीं भी कमियां दृष्टिगत हुईं, उन्हें तत्काल संबंधित अधिकारियों के माध्यम से दूर कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई।
फील्ड निरीक्षण के पश्चात पुलिस कंट्रोल रूम में पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रत्येक अधिकारी से उनके ड्यूटी पॉइंट एवं निरीक्षण के संबंध में विस्तृत फीडबैक लिया गया। अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति, आवश्यक संसाधनों, संभावित चुनौतियों एवं उनके समाधान के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की गई। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रत्येक बिंदु की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए, ताकि सवारी के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

▪️बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री राकेश गुप्ता ने कहा कि भगवान श्री महाकाल की श्रावण सवारी अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया एवं आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस उप महानिरीक्षक श्री नवनीत भसीन ने सभी अधिकारियों को ब्रीफ करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक अधिकारी अपने ड्यूटी स्थल पर निरंतर उपस्थित रहकर परिस्थितियों पर पैनी नजर बनाए रखे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
????पुलिस अधीक्षक उज्जैन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रथम श्रावण सवारी की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए लगभग 1500 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं सजगता के साथ निर्वहन करेंगे।
????पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा— “आसमान से लेकर धरती तक, हर दिशा में हमारी पैनी नजर रहनी चाहिए। हमारा मुख्य उद्देश्य उज्जैन आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को भगवान श्री महाकाल के सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन कराना तथा संपूर्ण सवारी को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराना है।”
????उज्जैन पुलिस द्वारा प्रथम श्रावण सवारी के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन के लिए व्यापक एवं बहुस्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आधुनिक तकनीकी संसाधनों, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन मॉनिटरिंग, क्विक रिस्पांस टीम, रिजर्व पुलिस बल एवं विभिन्न शाखाओं के समन्वय से संपूर्ण सवारी मार्ग पर सतत निगरानी रखी जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
