उज्जैन, श्री महाकालेश्वर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं सकारात्मक दर्शन अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदिर प्रबंध समिति द्वारा सुरक्षाकर्मियों के लिए विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री रोशन कुमार सिंह एवं प्रशासक एवं अपर कलेक्टर श्री प्रथम कौशिक के निर्देशानुसार ग्राम लेकोडा स्थित अवंतिका यूनिवर्सिटी, उज्जैन में यह प्रशिक्षण आयोजित होगा। विश्वविद्यालय के उपकुलपति श्री नितिन राणा, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के डीन डॉ. प्रोफेसर अजीत उपाध्याय के मार्गदर्शन में सुरक्षाकर्मियों को सॉफ्ट स्किल, श्रद्धालुओं से मधुर एवं सकारात्मक व्यवहार, भीड़ प्रबंधन, कतार प्रबंधन तथा दर्शन व्यवस्था के दौरान प्रभावी संवाद का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में सुरक्षाकर्मियों को इस बात के लिए भी व्यावहारिक रूप से तैयार किया जाएगा कि वे श्रद्धालुओं के साथ संयमित, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए उन्हें दर्शन व्यवस्था से संबंधित आवश्यक जानकारी सहजता से उपलब्ध कराएं।

प्रशिक्षण प्रतिदिन 100 सुरक्षाकर्मियों को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक दिया जाएगा। आगामी 8 दिवसों में कुल 800 सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सकारात्मक एवं सुखद वातावरण में भगवान श्री महाकालेश्वर जी के सुगम दर्शन कराना है।
