Madhya Pradesh 1 August 2026 Weather Forecast: मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर अपने विकराल रूप में नजर आ रहा है और पूरे प्रदेश में बारिश का मौसम छाया हुआ है, जहां झमाझम बारिश, गरज-चमक के साथ हवा चल रही है. बताया जा रहा है कि एक मजबूत डिप्रेशन पश्चिमी विदर्भ और उससे सटे दक्षिण मध्य प्रदेश के ऊपर बना हुआ है. इसके अलावा मानसून ट्रफ रेखा इंदौर और इस डिप्रेशन के केंद्र से गुजर रही है. इसी वजह से एमपी में लगातार बारिश हो रही है.
मानसून के सक्रिय होने की वजह से मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. मंदसौर, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम और खरगोन जिलों के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने, गरज-चमक होने और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है.
इन 14 जिलों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा
लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों की जमीन पूरी तरह पानी से भर चुकी है। ऐसे में केंद्रीय हाइड्रोलॉजिकल विभाग और मौसम केंद्र ने पश्चिमी मध्य प्रदेश के 14 जिलों में फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है. इनमें आगर-मालवा, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, देवास, धार, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, खरगोन, मंदसौर, नीमच, रतलाम और शाजापुर शामिल हैं. इन जिलों के निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है. छोटे नदी-नाले, मौसमी नदियां और पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बह सकता है.
कैसा रहेगा भोपाल का मौसम?
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. शहर में 14 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. भोपाल का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
पूरे मध्य प्रदेश के लिए जारी किया गया येलो अलर्ट
ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, सतना, सीधी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. एक अगस्त 2026 के लिए मौसम विभाग की तरफ से पूरे मध्य प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग ने लोगों के लिए जारी की सावधानियां:
*सुरक्षित स्थान पर रहें: गरज-चमक और बिजली कड़कने के समय खुले खेतों, बड़े पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े ना हों. तुरंत किसी पक्के मकान या सुरक्षित शेड में चले जाएं.
*जलभराव से बचें: निचले इलाकों, अंडरपासों, जलमग्न सड़कों और पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं. उफनते नालों से दूर रहें.
*वाहन सतर्कता से चलाएं: यात्रा के दौरान वाहन की रफ्तार धीमी रखें और स्टीयरिंग पर पकड़ मजबूत रखें. दृश्यता कम होने पर सतर्क रहें.

