मित्रता दिवस पर मप्र जन अभियान परिषद ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बड़नगर। मित्रता दिवस के अवसर पर रविवार को बड़नगर तहसील के ग्राम सोहड़ में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फूटन समिति सोहड़ के अध्यक्ष रतन चौधरी के नेतृत्व में समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर मुक्तिधाम सहित गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सैकड़ों पौधे रोपे और उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।
ग्राम पंचायत सचिव मेहरबान सिंह ने बताया कि गांव के वरिष्ठ समाजसेवी भूपेंद्र सिंह पंड्या के मार्गदर्शन तथा समिति के अध्यक्ष के नेतृत्व में यह पौधारोपण अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। इस अभियान के तहत आगामी दिनों में भी गांव के विभिन्न स्थानों पर लगातार पौधारोपण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ जीवन का आधार भी बनते हैं। मित्रता दिवस पर पौधारोपण कर लोगों ने प्रकृति के साथ मित्रता का संदेश दिया तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फूटन समिति के पदाधिकारी, जन अभियान परिषद के कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

