सावन में उमड़ रही आस्था, कल पहले सोमवार को महाकाल की पहली सवारी; 1100 बटुकों के वेद घोष से होगा शुभारंभ
सचिन सिन्हा रिपोर्ट आज शाम तक 2.5 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा महाकाल के दर्शन..आज रात तक 4 लाख श्रद्धालुओं के दर्शन का अनुमान.पूरे सावन में 2 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीदसवारी मार्ग पूरी तरह तैयार, कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष दर्शन मार्ग और पांच स्थानों पर भोजन व्यवस्था

पहली सवारी में 1100 बटुक करेंगे वेद घोष, हर सवारी की रहेगी अलग थीम
उज्जैन में सावन की शुरुआत के साथ ही बाबा महाकाल के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को शाम तक ढाई लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके थे और रात तक यह संख्या करीब चार लाख तक पहुंचने का अनुमान है। प्रशासन का कहना है कि सभी श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

कलेक्टर ने बताया कि पिछले वर्ष सावन माह में करीब एक करोड़ 75 लाख श्रद्धालुओं ने महाकाल के दर्शन किए थे। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और पूरे सावन में दो करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने का अनुमान है। इसी को देखते हुए मंदिर और शहर में सभी व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं।
उन्होंने कहा कि सोमवार को सावन की पहली और बाबा महाकाल की पहली सवारी पूरे पारंपरिक वैभव और श्रद्धा के साथ निकलेगी। इस बार सवारी का शुभारंभ 1100 बटुकों के वेद घोष से होगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। प्रशासन ने इस वर्ष हर सवारी के लिए अलग-अलग थीम भी तय की है, ताकि प्रत्येक सवारी का अपना अलग धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप दिखाई दे।
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि सवारी मार्ग पर चल रहे सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने शनिवार देर रात अधिकारियों के साथ रामघाट, भट्टा रोड और कमरी चौराहा सहित पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। अब सवारी मार्ग पूरी तरह तैयार है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए इंदौर रोड पर पांच स्थानों पर भोजन व्यवस्था की गई है। साथ ही उनके लिए विशेष दर्शन मार्ग भी बनाया गया है, जिससे वे आसानी से बाबा महाकाल के दर्शन कर सकें।
कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से दर्शन व्यवस्था सुचारु रहेगी और हर श्रद्धालु को सहज एवं सुरक्षित तरीके से बाबा महाकाल के दर्शन का लाभ मिल सकेगा।

बाइट – कलेक्टर रोशन कुमार सिंह
