Last Updated:July 31, 2026, 19:02 IST
Street Food Success Story: शिवपुरी के आशीष तोमर ने होटल व्यवसाय में 2.5 लाख रुपये गंवाने के बाद भी हार नहीं मानी. 12 हजार की नौकरी छोड़ने वाले आशीष ने मात्र 15 हजार रुपये से दोबारा शुरुआत की. आज वह शाम को सिर्फ 4 घंटे काम करके रोजाना 1,500 से 2,000 रुपये तक कमा रहे हैं.
Shivpuri News: अगर मन में हिम्मत और मेहनत करने का जज्बा हो तो इंसान बुरी से बुरी हार को भी जीत में बदल सकता है. मध्य प्रदेश के शिवपुरी के रहने वाले आशीष तोमर की कहानी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है. उन्होंने भारी आर्थिक नुकसान झेलने के बाद खुद को दोबारा खड़ा किया.
12 हजार की नौकरी और बड़ा सपना
आशीष तोमर पहले होटल लाइन में ही नौकरी करते थे. वहां उन्हें हर महीने 12 हजार रुपये वेतन मिलता था. कुछ समय तक काम करने के बाद उन्होंने सोचा कि खुद का काम शुरू किया जाए. इसी सपने के साथ उन्होंने शिवपुरी के फिजिकल इलाके में अपना एक होटल खोल लिया. उन्हें उम्मीद थी कि यह बिजनेस खूब चलेगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.
ढाई लाख का नुकसान
होटल शुरू तो हो गया, लेकिन वहां ग्राहक नहीं आए. धीरे-धीरे महीने बीतते गए और घाटा बढ़ता चला गया. देखते ही देखते आशीष की मेहनत की कमाई के करीब ढाई लाख रुपये डूब गए. इतना बड़ा नुकसान किसी को भी तोड़ सकता है. लेकिन, आशीष ने हार मानने के बजाय अपनी गलतियों से सीखने का फैसला किया.
15 हजार रुपये से नई शुरुआत
भारी घाटा उठाने के बाद आशीष ने तय किया कि वह अब बड़ा जोखिम नहीं लेंगे. उन्होंने मात्र 15 हजार रुपये की पूंजी से एक हाथ-ठेला तैयार करवाया. इस बार उन्होंने कम लागत में काम शुरू करने की रणनीति अपनाई. उन्होंने अपने ठेले पर मोमोज, चाऊमीन, फिंगर और चिल्ली पोटैटो बेचना शुरू किया.
स्वाद ने बदली किस्मत, 4 घंटे में हजारों की कमाई
आशीष के बनाए व्यंजनों का स्वाद लोगों को खूब पसंद आया. देखते ही देखते उनकी दुकान चल निकली. अब वह रोज शाम को केवल 4 घंटे (शाम 4 से रात 8 बजे तक) ठेला लगाते हैं. इतने कम समय में ही वह रोजाना 1,500 से 2,000 रुपये तक की कमाई कर लेते हैं.
युवाओं के लिए आशीष की सलाह
आशीष तोमर अपने सफर से मिले अनुभवों के आधार पर नए लड़कों को खास सलाह देते हैं. उनका कहना है कि इंसान को हमेशा एक-एक सीढ़ी चढ़कर छत पर जाना चाहिए. अगर आप सीधे ऊपर जाने की छलांग लगाएंगे तो गिरना तय है. वह कहते हैं कि बिजनेस हमेशा छोटे बजट से शुरू करना चाहिए. जब काम जम जाए और मुनाफा होने लगे, तभी उसे धीरे-धीरे आगे बढ़ाना चाहिए.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…
और पढ़ेंNews18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Shivpuri,Madhya Pradesh

