Last Updated:July 31, 2026, 19:54 IST
खंडवा के शक्कर तालाब क्षेत्र में रहने वाले 25 परिवारों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. नगर निगम की बुलडोजर कार्रवाई पर कोर्ट ने फिलहाल रोक लगा दी है. जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ APCR संस्था ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी, जिस पर अब 3 अगस्त को अगली सुनवाई होगी.
खंडवा के शक्कर तालाब पर बुलडोजर कार्रवाई.
Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां के शक्कर तालाब क्षेत्र में रहने वाले 25 परिवारों को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी है. कोर्ट ने नगर निगम की बुलडोजर कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगा दी है. खंडवा शहर में वर्षों पुराना शक्कर तालाब स्थित है. समय के साथ शहर का विस्तार हुआ. तालाब की जमीन पर जल भराव कम होने लगा. इस वजह से धीरे-धीरे इस जमीन पर अतिक्रमण बढ़ता गया और लोग यहाँ मकान बनाकर रहने लगे.
नगर निगम की योजना
नगर निगम इस तालाब की जमीन को दोबारा जीवित करना चाहता है. निगम की योजना यहां फिर से तालाब और एक पार्क विकसित करने की है. इसी उद्देश्य से पिछले साल 12 जून को नगर निगम ने यहां से अतिक्रमण हटाने की शुरुआत की थी. नगर निगम ने इस क्षेत्र में कुल 112 मकानों को चिन्हित किया था. पिछले साल की कार्रवाई में प्रशासन ने 87 मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें हटा दिया था. लेकिन, 25 परिवार ऐसे थे, जिनके मकानों पर कार्रवाई नहीं हो पाई थी.
क्यों रुकी थी 25 मकानों पर कार्रवाई?
इन 25 परिवारों के पास उस समय न्यायालय का स्टे (स्थगन आदेश) और कुछ जरूरी सरकारी दस्तावेज मौजूद थे. दस्तावेजों की वजह से नगर निगम ने उस समय इन्हें नहीं तोड़ा था. हालांकि, बाद में जबलपुर हाईकोर्ट ने इन मकानों को भी हटाने के आदेश दे दिए थे.
सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला
जबलपुर हाईकोर्ट के इस आदेश के खिलाफ सामाजिक संस्था ‘एसोसिएशन प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स’ (APCR) सुप्रीम कोर्ट गई. संस्था ने प्रभावित परिवारों की तरफ से पैरवी की. इस याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार तक बुलडोजर एक्शन पर स्टे लगा दिया है.
अब 3 अगस्त को होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट अब इस मामले पर 3 अगस्त को अगली सुनवाई करेगा. तब तक इन मकानों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा सकेगी. फिलहाल इन 25 परिवारों को बेघर होने से थोड़ी मोहलत मिल गई है. कोर्ट का अगला फैसला ही तय करेगा कि ये मकान रहेंगे या हटाए जाएंगे.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…
और पढ़ेंNews18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Khandwa,Madhya Pradesh

