Last Updated:July 31, 2026, 20:45 IST
Satna News: सतना में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके वालों ने 10 लाख रुपये और कार के लिए हत्या का आरोप लगाया है. कमरे से मिले सुसाइड नोट को पिता ने फर्जी बताया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बेटी की मौत पर पिता ने लगाए गंभीर आरोप.
Satna News: सतना के कोटर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है. जहां एक तरफ ससुराल वाले इसे खुदकुशी कह रहे हैं, वहीं लड़की के परिवार ने दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.
स्टोर रूम में मिली लाश
घटना कोटर कस्बे की है. यहां रहने वाली आकांक्षा की लाश घर के स्टोर रूम में फंदे पर लटकी हुई मिली. आकांक्षा की शादी 24 नवंबर 2025 को यादवेंद्र कचेर के साथ हुई थी. अभी शादी को ज्यादा समय नहीं बीता था कि यह दुखद घटना हो गई.
दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि उन्होंने शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे. परिजनों का आरोप है कि इतनी बड़ी रकम देने के बाद भी ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे. वे लगातार एक कार और अतिरिक्त नकदी की मांग कर रहे थे. मांग पूरी न होने पर आकांक्षा को परेशान किया जा रहा था. परिजनों का दावा है कि मांग पूरी न होने के कारण ही आकांक्षा की हत्या कर दी गई और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया.
20 मिनट पहले हुई थी बात
मृतका के पिता और फूफा ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि मौत की सूचना मिलने से महज 20 मिनट पहले आकांक्षा की उसके ससुर से फोन पर बात कराई गई थी. इतनी जल्दी उसकी मौत हो जाना कई सवाल खड़े करता है.
सुसाइड नोट पर विवाद
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें कथित तौर पर अवैध संबंधों की बात लिखी गई है. हालांकि, मृतका के पिता ने इस नोट को सिरे से खारिज कर दिया है. पिता का कहना है कि उनकी बेटी अनपढ़ थी और वह अपना नाम तक नहीं लिख पाती थी. ऐसे में सुसाइड नोट लिखना नामुमकिन है. उन्होंने पुलिस से इस कथित नोट की गहनता से जांच करने की मांग की है.
ससुराल पक्ष पर हमले का आरोप
मायके वालों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे मौके पर पहुंचे और विरोध जताया, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया. परिजनों का कहना है कि इस दौरान पुलिस वहां मौजूद थी, लेकिन वह मूकदर्शक बनी रही और कोई कार्रवाई नहीं की.
इन लोगों पर लगा हत्या का आरोप
मृतका के पिता ने छह लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है. इनमें पति यादवेंद्र कचेर, ससुर रामलाल, सास आशा, जेठ आवेंद्र, जेठानी नीलम और देवर नागेंद्र शामिल हैं. वहीं, कोटर पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है. तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वरिष्ठ अधिकारी खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं ताकि निष्पक्ष जांच हो सके.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…
और पढ़ेंNews18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Satna,Madhya Pradesh

